अररिया में दिन भर साथ में की ड्यूटी, शाम में करने लगे हाथापायी
दोनों होमगार्ड जवानों को थानेदार ने ड्यूटी से हटाया, जिला मुख्यालय भेजे गए
जोगबनी (Goodmorning news desk)। दिन भर साथ में ड्यूटी करने के बाद शाम होते ही आपस में भिड़ गए दो पुलिस वाले। होमगार्ड के दो जवानों की हाथापायी का यह मामला अररिया जिले के जोगबनी का है। एक जवान रायफल के बट से प्रहार कर रहा है तो दूसरा अपनी लाठी के सहारे प्रहार से बचने की कोशिश करता है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने दोनों को अलग किया तब जाकर दोनों अपने-अपने रास्ते गए।
मिली जानकारी के अनुसार जोगबनी थाना क्षेत्र के किसान चौक पर ड्यूटी में तैनात होमगार्ड के जवान मोहम्मद जुबेर और सुरेंश यादव के द्वारा बीच रोड पर आपस में मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। इस पर संज्ञान लेते हुए दोनों को थाने बुलाया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूरे दिन हुई वसूली की राशि को लेकर हाथापाई हुई है। वायरल हुआ वीडियो सोमवार की संध्या की वीडियो बताई जा रही है। इस संबंध में जोगबनी थाना अध्यक्ष आफताब अहमद ने बताया कि दोनों होमगार्ड जवानों को ड्यूटी से हटा कर जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।