अररिया जिले के जोगबनी में की जानी थी सप्लाई
गांजा छुपाने के लिए ऑटो में बना था विशेष बक्सा
जोगबनी (Goodmorning news)। नेपाल से भारत की ओर गांजा की खेप ले जाने की फिराक में रहे एक ऑटो व ऑटो चालक को नेपाल सशस्त्र पुलिस ने रविवार के देर रात गिरफ्तार किया है। नेपाल सशस्त्र पुलिस बल के एसपी तीर्थ पौडेल से मिली जानकारी के अनुसार ऑटो के सीट के नीचे फाल्स बॉटम बना कर अवैध रूप से गांजा नेपाल से भारत भेजेने की फिराक में रहे एक ऑटो को पकड़ा गया। पकड़ा गया युवक सुनसरी जिले के 31 वर्षीय गणेश राई बताया जाता है।
इस संबंध में एसपी पौडेल ने बताया कि सीट के नीचे विशेष रूप से तस्करी के हिसाब से बॉक्स बना हुआ था जिसमें 20 किलो गांजा छुपाया गया था। ऑटो चालक सीमावर्ती गांव जहदा से जोगबनी थाना अंतर्गत कुसमौल की तरफ गांजे सप्लाई करने की कोशिश में था। अवैध गांजे की तस्करी में शामिल गिरफ्तार युवक व ऑटो को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए इलाका पुलिस कार्यालय रानी के सुपुर्द करने की बात एसपी पौडेल ने कही है।